नयी दिल्ली, इजरायल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा की बहुत उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहा है और उसका कहना है कि यह यात्रा सांकेतिक नहीं होगी बल्कि इसके ठोस परिणाम निकलेंगे और इससे दोनों देशों के बीच अनूठे एवं मजबूत संबंधों का संदेश जायेगा।

भारत में इजरायल के राजदूत डेनियल कारमन ने आज यहां कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की इजरायल यात्रा जल्दी ही होगी और यह यात्रा सांकेतिक नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सांकेतिक न होकर उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री पहली बार इजरायल जा रहे हैं। इजरायल इस यात्रा की बहुत उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहा है। वह चाहता है कि इस यात्रा से ठोस नतीजे निकलें, जो जमीन पर दिखायी दें। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों की जनता एवं सरकारों को यह संदेश जायेगा कि हमारे संबंध बहुत मजबूत और अनूठे हैं। श्री कारमन ने कहा कि दोनों देशों के बीच संवाद का स्तर बहुत अच्छा है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह की हाल में हुई इजरायल की यात्रा बहुत ही सार्थक रही है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी इसी वर्ष इजरायल जाएंगीं और उनकी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री की यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जायेगा।

श्री मोदी की यात्रा की संभावित तिथि के बारे में पूछे जाने पर श्री कारमन ने कहा कि अभी कोई तारीख तय नहीं है लेकिन उम्मीद है कि यात्रा जल्द होगी। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि यह यात्रा जितनी जल्दी संभव हो, उतनी जल्दी हो। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू की पिछले वर्ष सिंतबर में न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन के इतर मुलाकात हुई थी। यह पूछने पर कि पिछले एक साल में भारत एवं इजरायल के संबंधों में आये अंतर को वह किस प्रकार से देखते हैं, उन्होंने कहा कि यह सही है कि दोनों देशों के रिश्ते 2014 में नहीं शुरू हुए लेकिन गत एक साल में भारत-इजरायल संबंध अधिक स्पष्ट रूप से दिखने लगे हैं और उन्हें महसूस किया जाने लगा है।

उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के कार्यकाल में भी दोनों देशों के रिश्तों में इजाफा हुआ है लेकिन पहले हमारे नेताओं के आने-जाने की सार्वजनिक चर्चा नहीं होती थी पर अब खूब होने लगी है। यह एक बड़ा बदलाव है जो महज औपचारिकताओं में नहीं बल्कि ठोस नतीजों में निहित है। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु में एयर शो में इजरायली रक्षा मंत्री की यात्रा को सुर्खियां मिलीं। श्री राजनाथ सिंह की इजरायल यात्रा और इजरायली रक्षा मंत्री की बेंगलुरु यात्रा को बड़ी घटना के रूप में देखा गया है।